राजस्थान में आज भारत जोड़ो यात्रा के दो चरणों के बीच राहुल गांधी शिमला में कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में होकर लौट आए। इस कारण यात्रा का दूसरा चरण रविवार शाम करीब सात बजे पूरा हुआ। बूंदी के लाखेरी में यात्रा पहुंची है। दूसरे चरण में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी चले। इनके साथ राहुल की भांजी और प्रियंका की बेटी मिराया भी थीं। वह भी कदम से कदम मिलाकर यात्रा में चली।
राहुल गांधी के शिमला दौरे के कारण रविवार शाम की यात्रा पौने दो घंटे की देरी से शुरू हुई। इस दौरान पदयात्रियों ने पापड़ी रेलवे क्रॉसिंग से लाखेरी तक 6.5 किलोमीटर का सफर तय किया। आज दोनों चरणों में यात्रा कुल 19 किलोमीटर चली। राहुल के शिमला जाने के कारण 3.30 बजे शुरू होने वाली यात्रा शाम पौने पांच बजे बाद शुरू हुई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट भी एक साथ, करीब एक साल बाद राहुल के साथ शिमला गए। वे सभी चार्टर प्लेन से गए। रविवार की यात्रा के लंच ब्रेक में राहुल-प्रियंका और बाकी नेता सवाई माधोपुर से शिमला के लिए रवाना हुए थे।
राजस्थान में आज राहुल की यात्रा का सातवां दिन रहा। राहुल गांधी ने सुबह के चरण की यात्रा में कोटखुर्द गांव से कोटा-लालसोट राजमार्ग पर देईखेड़ा गांव तक बैलगाड़ी की सवारी की। जब उन्होंने बलदेवपुरा गांव से पदयात्रा शुरू करते ही देखा कि एक बैलगाड़ी में बैठे किसान हाथ हिलाकर उनका स्वागत कर रहे हैं तो वह भी बैलगाड़ी पर सवार होकर उसे चलाने लग गए।
इससे पहले राहुल अचानक हाईवे किनारे बने एक घर में घुस गए। तब यात्रा बूंदी जिले के देहिखेड़ा गांव से गुजर रही थी। घर में 8 साल की बच्ची अक्षिता मिली। बचपन से ही उसकी गर्दन टेढ़ी है। राहुल ने फौरन मंत्री अशोक चांदना को बुलवाया। बच्ची का इलाज करवाने के लिए कहा। राहुल ने बच्ची की मां ममता गोचर से कहा कि इस बीमारी का एक खास इलाज होता है, जिससे इसे आराम मिलेगा। यह ठीक हो जाएगी। राहुल ने अक्षिता और उसके भाई को चॉकलेट भी दी।
आज सुबह करीब छह बजे बूंदी के बलदेवपुरा से सफर की शुरुआत हुई। राहुल गांधी देहिखेड़ा गांव में किसानों से मिले और उनसे हालचाल पूछे। राहुल ने किसानों से बिजली और पानी पर बात की।
