गुजरात में जबरदस्त जीत हासिल करने के बाद 62 साल के भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को राज्य के 18वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटेल लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। गांधीनगर सचिवालय के हेलीपैड ग्राउंड में राज्यपाल ने दोपहर 2 बजे उन्हें पद की शपथ दिलाई। भूपेंद्र पटेल के बाद 16 मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें आठ कैबिनेट, दो स्वतंत्र प्रभार और छह राज्यमंत्री हैं।
शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद थे। 200 संत भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए। शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री ने मंच पर झुककर लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद भूपेंद्र पटेल के मंत्रिमंडल से मुलाकात कर उनके साथ फोटो खिंचाया। चलते समय उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से बात की।
गुजरात के 18वें मुख्यमंत्री बनने वाले पटेल पाटीदार समुदाय से इकलौते नेता हैं, जो लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। उन्हें 15 महीने पहले विजय रुपाणी की जगह गुजरात की जिम्मेदारी दी गई थी। भूपेंद्र पटेल की कैबिनेट में हार्दिक पटेल को जगह नहीं मिली। हार्दिक ने सुबह कहा था कि ‘पार्टी डिसाइड करेगी कि मैं कैबिनेट में रहूंगा या नहीं। मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, वे उसका निर्वहन करूंगा।’
उल्लेखनीय है कि गुजरात में भाजपा ने 182 विधानसभा सीटों में से 156 सीटों के साथ जीत का नया रिकॉर्ड बनाया है। कांग्रेस ने 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में 149 विधानसभा सीटें जीती थीं। वहीं, नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहते भाजपा ने 2002 के चुनाव में 127 सीटें जीती थीं। इस जीत के साथ भाजपा ने दोनों रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
