राजस्थान में भारत जोड़ों यात्रा का आखिरी चरण आज पूरा हो गया है। कल से हरियाणा में एंटर होने वाली यात्रा आज अलवर जिले के रामगढ़ में खत्म हुई। प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा में भारी भीड़ देखने को मिली। हजारों की संख्या में लोग राहुल से मिलने और यात्रा में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों से भी पहुंचे। 21 दिसंबर की सुबह पहले चरण के दौरान यात्रा हरियाणा में प्रवेश कर जाएगी।
आज यात्रा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अलावा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी चले। दोनों नेता एक-दूसरे का हाथ पकड़कर चलते हुए दिखाई दिए। राहुल के साथ स्थानीय कांग्रेस विधायक और कई मंत्री भी थे। वहीं, पूर्व केंद्रीय सचिव व अर्थशास्त्री अरविंद मायाराम भी मंगलवार को यात्रा में शामिल हुए।
आज 16वें दिन पहले चरण की यात्रा अलवर शहर के कटिघाटी पार्क से शुरू होकर रामगढ़ क्षेत्र के लोहिया का तिबारा में पूरी हुई। वहीं लंच ब्रेक हुआ। दोपहर 3:30 बजे बगड़ चौराहे से यात्रा का शाम का फेज शुरू हुआ औऱ शाम 6 बजे रामगढ़ में यात्रा खत्म हो गई। बीजवा गांव में यात्रा का रात्रि विश्राम रखा गया है। आज कुल 23 किलोमीटर का सफर तय किया।
राहुल गांधी की यात्रा ने राजस्थान में 16 दिन में 485 किलोमीटर की दूरी तय की। यात्रा झालावाड़ के चांवली बॉर्डर से 4 दिसंबर की देर शाम राजस्थान में प्रवेश की थी। 5 दिसंबर सुबह से यात्रा राजस्थान से शुरू हुई थी।
आज पहले चरण की यात्रा खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा हमारे लिए वरदान साबित हो रही है। हर यात्रा एक संदेश देती है, इस यात्रा से हमें संदेश मिला है कि हमें अगले बजट में सामाजिक सुरक्षा पर फोकस करना है।
