दिल्ली में राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर राहुल की उचित सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। गृह मंत्री शाह को पत्र लिखकर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्रा पर चल रहे अन्य कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने पत्र में लिखा कि शनिवार को दिल्ली में प्रवेश के बाद राहुल गांधी की सुरक्षा से कई बार समझौता किया गया। भीड़ राहुल गांधी के करीब पहुंच जाती, लेकिन पुलिस के जवान मूकदर्शक बने रहते थे। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के अगले पड़ाव का जिक्र करते हुए राहुल की पुख्ता सुरक्षा की मांग की।
पत्र में लिखा गया है कि दिल्ली पुलिस, जो केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत आती है, बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और राहुल गांधी के चारों ओर एक घेरा बनाए रखने में पूरी तरह से विफल रही, जिन्हें जेड प्लस सुरक्षा दी गई है। पत्र में ये भी कहा गया है कि स्थिति इतनी गंभीर थी कि गांधी के साथ चल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भारत यात्रियों को एक सुरक्षा घेरा बनाना पड़ा। दिल्ली पुलिस “मूक दर्शक” बनी रही।
इसके साथ ही कांग्रेसी नेता ने यह भी आरोप लगाया कि खुफिया ब्यूरो यात्रा में भाग लेने वाले लोगों से पूछताछ कर रहा है। कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने हरियाणा के गुरुग्राम में पार्टी की एक पुलिस शिकायत का भी हवाला दिया।
वेणुगोपाल ने पत्र में आगे लिखा कि भारत जोड़ो यात्रा के 3 जनवरी, 2022 से शुरू होने वाले अगले चरण में संवेदनशील राज्य पंजाब और जम्मू-कश्मीर जाना है। लिहाजा इन राज्यों में राहुल गांधी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है।
इससे पहले बीते माह नवंबर में इंदौर में राहुल गांधी को मारने की धमकी मिली थी। जब राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में थी, तभी उन्हें मारने की धमकी भरे पत्र ने हड़कंप मचा दिया था। इसमें राहुल गांधी और मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को मारने की धमकी दी गई है। धमकी भरा पत्र कोरियर सर्विस के जरिए जूनी इंदौर के इलाके की एक मिठाई की दुकान पर पहुंचा था, जिसमें 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी को मारने की धमकी दी गई थी।
