राजस्थान के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। शनिवार सुबह कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा। जयपुर, बीकानेर, भरतपुर और अजमेर संभाग के जिलों में सर्द हवाएं भी चलीं। कोहरे से हाईवे पर जहां लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई, वहीं सर्द हवाओं से कई शहरों में पारा गिरा है। ऐसी ठंडक के बीच लोगों में रात को नए साल का जश्न मनाने का जोश नजर आया। मौसम उनके मूड को जरा भी खराब नहीं कर पाया।
प्रदेश में ठंड का असर बढने के साथ मौसम केंद्र जयपुर ने आज से राजस्थान में उत्तरी सर्द हवाओं प्रभाव बढ़ने और 2-3 जनवरी से तापमान और गिरने की संभावना जताई है। जनवरी के पहले सप्ताह से ठंड के साथ शीतलहर का दौर शुरू होने का अनुमान भी जताया है।
जयपुर जिले में आज शिवदासपुरा, चाकूस, अजमेर रोड, आगरा रोड समेत कई जगह ग्रामीण एरिया में सुबह घना कोहरा रहा। इन इलाकों में विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम रही। सुबह-सुबह ग्रामीण इलाकों में 70-80 मीटर दूरी से व्यक्ति या मकान नजर नहीं आ रहा था।
जयपुर में इस सीजन का यह पहला घना कोहरा था। इसी तरह गंगानगर, हनुमानगढ़, पिलानी, सीकर, चूरू, बीकानेर, नागौर, अलवर आदि जिलों में भी कोहरे का असर दिखा। सीकर के फतेहपुर में आज न्यूनतम पारा 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सर्दी के सीजन में माउंट आबू के बाद सबसे ज्यादा ठंडा सीकर का फतेहपुर इलाका रहता है, लेकिन आज यहां का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे ठंडे राजधानी जयपुर, बीकानेर, जैसलमेर जिले रहे। इन शहरों में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम केन्द्र जयपुर से जारी रिपोर्ट के अनुसार माउंट आबू 2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा एरिया रहा। इसके बाद जोधपुर का फलौदी जहां तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। फलौदी में बीती रात चूरू, सीकर, बीकानेर से भी ठंडी रही और ये शहर की इस सीजन की सबसे ठंडी रात भी रही।
कल दोपहर बाद चली सर्द हवाओं ने पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में सर्दी बढ़ा दी। सरहदी जिलों में बीती रात न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान आज 14.1 से गिरकर 10 पर पहुंच गया। इधर, जोधपुर में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 9 पर आ गया। इसी तरह गंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर में भी न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस गिरा है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार कोहरा रबी की फसल के फायदेमंद है। इससे फसलों को नमी मिलती है। सिंचाई करने की जरूरत नहीं पड़ती। गेहूं, सरसों, चना, जौ आदि के लिए पानी की कुछ जरूरत इस कोहरे से पूरी हो जाती है। मौसम केन्द्र जयपुर ने अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं घना कोहरा व ताज ठंड दर्ज होने की संभावना जताई है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में और 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना जताई है।
