देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नए साल के जश्न के बीच दरिंदगी का मामला सामने आया है। यहां 5 युवकों ने एक लड़की को अपनी कार से 4 किलोमीटर तक घसीटा है। एक न्यूज एजेंसी के अनुसार पुलिस को लड़की का शव नग्न अवस्था में सड़क के किनारे मिला है। दिल्ली पुलिस के आउटर जिले के डीसीपी हरेन्द्र सिंह ने बताया है कि शव नग्न पाया गया, क्योंकि उसे काफी दूर तक घसीटा गया था और उसके कपड़े फटे हुए थे। लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवाओं ने बताया है कि कार के शीशे बंद थे और म्यूजिक तेज आवाज पर बज रहा था, इसलिए उन्हें पता नहीं चला। जब उन्हें पता चला वे मौके से भाग गए।
पुलिस के अनुसार मृतका शादियों और अन्य समारोहों में पार्ट टाइम काम करती थी और ऐसे ही एक कार्यक्रम से वह घर लौट रही थी। इसी दौरान ये घटना हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी और पीड़िता एक दूसरे को नहीं जानते थे।
पुलिस ने बताया कि रोहिणी जिले के कंझावला पुलिस स्टेशन में लगभग 3.24 बजे एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। फोन करने वाले ने कहा कि एक शव ग्रे बलेनो कार से बंधा हुआ है और उसे घसीटा जा रहा है। कॉल करने वाले ने कार का नंबर दे दिया था। गश्त पर तैनात कर्मचारियों को सतर्क कर वाहन की तलाश करने का संदेश दिया गया। लगभग 4.11 बजे कंझावला थाने में दोबारा पीसीआर कॉल आई जिसमें कहा गया कि एक लड़की का शव सड़क पर पड़ा है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने घटना पर हैरानी जताते हुए ट्वीट किया कि दिल्ली के कंझावला में एक लड़की की नग्न अवस्था में लाश मिली। कुछ लड़कों ने नशे की हालत में गाड़ी से लड़की की स्कूटी को टक्कर मारी और उसे कई किलोमीटर तक घसीटा। ये मामला बेहद भयानक है। मैं दिल्ली पुलिस को हाज़िरी समन जारी कर रही हूँ। पूरा सच सामने आना चाहिए।
पीड़ित लड़की की मां ने न्यूज एजेंसी को बताया, मेरी बेटी ही मेरा सब कुछ थी। वह कल पंजाबी बाग में काम करने गई थी। वह शाम साढ़े पांच बजे के आसपास घर से निकली और कहा कि वह रात 10 बजे तक लौट आएगी। मुझे उसकी दुर्घटना के बारे में सुबह बताया गया, लेकिन मैंने अभी तक उसका शव नहीं देखा है।
