एअर इंडिया के न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट के बिजनेस क्लास में नशे में धुत व्यक्ति के अपनी महिला सह-यात्री पर पेशाब करने की घटना के 10 दिन बाद इसी एयरलाइन की एक और फ्लाइट में ऐसा ही मामला सामने आया है। एक समाचार एजेंसी के अनुसार पेरिस से दिल्ली आने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट में नशे में धुत एक यात्री ने महिला सहयात्री के कंबल पर पेशाब कर दी। एयरलाइन अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि यात्री द्वारा लिखित माफी मांगने के बाद कोई कड़ी कार्यवाही नहीं की गई।
उधर, न्यायॉर्क-दिल्ली फ्लाइट की घटना के आरोपी को पकड़ने के लिए मुंबई तथा अन्य शहरों में छापे मारे जा रहे हैं। आरोपी फरार हो गया है।
पेरिस फ्लाइट में यात्री किस क्लास में सफर कर रहे थे, इसका पता नहीं चल सका है। फ्लाइट 6 दिसंबर की सुबह करीब 9:40 बजे दिल्ली में उतरी और पायलट ने एटीसी को संबंधित यात्री के बारे में शिकायत की। आरोपी पुरुष यात्री को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने फ्लाइट से उतरते वक्त ही पकड़ भी लिया, लेकिन बाद में दोनों यात्रियों के “आपसी समझौते” के बाद उससे लिखित माफीनामा लिखवाया गया और फिर छोड़ दिया गया।
महिला यात्री ने भी पुलिस केस करने से इनकार कर दिया था। इसलिए पेशाब करने वाले यात्री को इमिग्रेशन और कस्टम औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा से जाने दिया गया।
उधर, गत नवंबर माह में एयर इंडिया के अमरीका से दिल्ली आ रहे एक विमान में शराब के नशे में एक महिला पर पेशाब करने वाले यात्री को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें मुंबई के अलावा कुछ और जगहों पर छापे मार रही हैं। आरोपी मुंबई में नहीं है। दिल्ली पुलिस की टीम मुंबई में है। आरोपी के खिलाफ 354, 294, 506, 509 और एयरक्राफ्ट एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। आरोपी अभी भागा हुआ है।
