जयपुर एयरपोर्ट पर एक बार फिर मानव तस्करी का मामला सामने आया है। एयरपोर्ट से कुल 12 नेपाली लड़कियों को बचाया गया है। इन्हें इथियोपिया ले जाया जा रहा था। एयरपोर्ट थाना पुलिस को नेपाल दूतावास के जरिए इन लड़कियों के बारे में जानकारी मिली थी।
इसके बाद डीसीपी ईस्ट राजीव पचार ने शुक्रवार को एयरपोर्ट पर एक टीम तैनात की। टीम तत्काल प्रभाव से नेपालियों लड़कियों से पूछताछ कर उन्हें थाने ले कर आई। इन लड़कियों ने बताया- वह नेपाल से दिल्ली पैसा कमाने के लिए आई थीं। उन्हें अलग-अलग कुछ लोगों ने विदेश भेजने और वहां पैसा कमाने की बात कही। इस पर सब राजी हो गईं। सभी लड़कियां नेपाल के अलग-अलग जिलों की रहने वाली हैं। इन्हें अभी जयपुर के महिला निकेतन में रखा जाएगा।
इन लड़कियों को पुलिस अधिकारियों के साथ नेपाल भेज दिया जाएगा। एयरपोर्ट थाने के एसआई दिगपाल सिंह ने बताया- जैसे ही उन्हें लड़कियों की तस्करी की जानकारी मिली। सादा वर्दी में पुलिस अधिकारी एयरपोर्ट के आसपास तैनात किए गए।
सभी लड़कियां अलग-अलग टैक्सी से अकेली एयरपोर्ट पहुंची। उनसे पूछताछ में पुलिस को मानव तस्करी की जानकारी मिली। लड़कियों के अकेले होने से पुलिस उन लोगों तक नहीं पहुंच पाई, जो लोग इन्हें विदेश भेज रहे थे। सब इंस्पेक्टर सिंह ने बताया- यह लड़कियां हिंदी और इंग्लिश नहीं जानती हैं। इन लड़कियों को केवल नेपाली भाषा आती है। इसलिए दूतावास से संपर्क कर रहे हैं। उन्हीं लोगों के निर्देश पर इन लड़कियों को बचाया गयाहै।
करीब एक महीने पहले भी जयपुर एयरपोर्ट पर दो युवतियों को पकड़ा किया गया था। दोनों को जबरदस्ती दुबई ले जाया जा रहा था। उनको नेपाल से दिल्ली नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाया गया था। दिल्ली एयरपोर्ट पर सख्ती होने के कारण इन्हें जयपुर लाया गया था।
