राजस्थान शिक्षा भर्ती पेपर लीक मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। अधिगम कोचिंग सेंटर पर जयपुर नगर निगम ने बुलडोजर चलाया है। निगम का कहना है कि अनुमति के बिना सेंटर की इमारत का निर्माण हुआ था। अधिगम कोचिंग सेंटर से पेपर लीक होने की बात सामने आई थी, जिसके बाद ये एक्शन हुआ है। पेपर लीक के आरोपी भूपेन सारण और सुरेश ढाका इस कोचिंग सेंटर को चलाते हैं। इस वक्त दोनों फरार हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया है।
इस मामले में पुलिस ने सुरेश बिश्नोई को पकड़ा था और पूछताछ में आगे लीड मिली। पुलिस को पता चला कि भूपेन सारण और सुरेश ढाका पेपर लीक के मास्टरमाइंड है। ये दोनों आरोपी अधिगम नामक का कोचिंग सेंटर चलाते हैं।
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित इस पेपर को रद्द कर दिया गया था। ये पेपर 25 दिसंबर को होना था। पेपर से पहले उदयपुर पुलिस ने एक बस को रोका था, जिसमें 37 छात्र, विशेषज्ञों की मदद से प्रश्न हल कर रहे थे। यह पेपर उन्हें सुरेश विश्नोई नामक व्यक्ति द्वारा उपलब्ध करवाया गया था। उदयपुर पुलिस ने भर्ती परीक्षा में नकल गिरोह का पर्दाफाश कर कई लोगों को पकड़ा।
