खुदरा महंगाई दर साल के सबसे निचले स्तर पर आ गई है। दिसंबर में महंगाई दर घटकर 5.72 फीसदी पर पहुंच गई। पिछले महीने नवंबर में यह 5.88 फीसदी पर थी। मुख्य रूप से खाद्य पदार्थों की कीमतों में नरमी के कारण पिछले 11 महीनों में महंगाई दर अपने सबसे न्यूनतम स्तर पर है। यह लगातार तीसरा महीना है, जब खुदरा महंगाई दर में गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही लगातार दूसरी बार है, जब महंगाई दर रिजर्व बैंक के तय 2 से 6 फीसदी के दायरे के अंदर है।
नेशनल स्टैटिकल ऑफिस (एनएसओ) की ओर से गुरुवार को खुदरा महंगाई के आंकड़े जारी किए गए। मुख्य रूप से खाद्य पदार्थों की कीमतों में नरमी के कारण खुदरा महंगाई दर में कमी आई है। दिसंबर महीने में खाद्य मंहगाई की दर कम होकर 4.19 फीसदी रही, जो इससे पहले नवम्बर में 4.67 फीसदी रहा थी। सब्जियों के दाम में दिसंबर महीने के दौरान 15 फीसदी की कमी देखी गई। नवंबर में इसमें 8 फीसदी की कमी देखी गई थी।
देश का औद्योगिक विकास नवंबर 2022 में 7.1 फीसदी बढ़ा। इससे पहले अक्टूबर महीने में इसमें गिरावट आई थी। गुरुवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन (आईआईपी) नवंबर, 2021 में एक फीसदी बढ़ा था। एनएसओ के आंकड़ों के अनुसार निर्माण क्षेत्र में नवंबर, 2022 में 6.1 फीसदी की वृद्धि हुई। वहीं खनन उत्पादन नवंबर महीने में 9.7 फीसदी और बिजली उत्पादन 12.7 फीसदी की दर से बढ़ा।
