मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के स्वास्थ क्षेत्र में 32 हजार पदों पर भर्ती की मंजूरी दे दी है। उन्होंने 31,827 पदों पर भर्ती के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। इनमें 1,765 चिकित्सक, 7,860 नर्सिंग ऑफिसर, 2,880 फार्मासिस्ट, 3,739 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, 1,090 सहायक रेडियोंग्राफर तथा 2,205 लैब टेक्नीशियन सहित कुल 19,539 नियमित पद एवं 12,288 संविदा पद शामिल हैं।
इस मंजूरी से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, राजमेश तथा झालावाड़ मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में नियमित रिक्त पदों पर संबंधित सेवा नियमों के अनुसार भर्ती हो सकेगी। इन विभागों में रिक्त संविदा पदों पर राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट रूल्स-2022 के तहत भर्ती की जाएगी। कोविड महामारी के दौरान मार्च, 2020 से मार्च, 2022 तक संविदा/तदर्थ, आवश्यक, अस्थाई आधार पर कार्यरत रहे तथा वर्तमान में भी कार्यरत कार्मिकों को आने वाली भर्तियों में बोनस अंक दिए जाएंगे। संविदा/आवश्यक अस्थाई आधार पर नियुक्त कार्मिक को दो वर्ष से कम कार्य अवधि पर 15, दो से तीन वर्ष की कार्य अवधि पर 20 तथा तीन वर्ष या इससे अधिक कार्य अवधि पर 30 बोनस अंक दिए जाएंगे।
