मध्य प्रदेश के सागर जिले में कुत्ते पालने के शौकीन लोगों को अब ‘डॉग-टैक्स’ भी देना होगा। सागर जिले में पिछले काफी समय से कुत्तों के काटने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इसके बाद नगर निगम परिषद की साधारण सभा की बैठक में इस मुद्दे को रखा गया। इस बैठक में सर्वसम्मति से कुत्ता मालिकों से डॉग-टैक्स वसूलने का फैसला हुआ।
मध्य प्रदेश में डॉग-टैक्स वसूलने वाला सागर नगर निगम पहला निकाय होगा। निगम की बैठक में सभी पार्षदों ने डॉग कर वसूलने और शहर में आवारा कुत्तों की संख्या में कमी लाने को लेकर कई सुझाव दिए। इसमें कुत्ता पालने वालों से कर वसूलने के सुझाव पर आम सहमति रही। अब जल्द ही निगम प्रशासन इसकी कार्ययोजना तैयार करेगा और अनुमोदन के बाद इस कर को लागू कर दिया जाएगा। बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि लोग घरों में कुत्ता पालते हैं, लेकिन वे घर के बाहर मुख्य सड़क पर घुमाने के साथ ही गंदगी भी करवाते हैं। इस दौरान पालतू कुत्तों द्वारा राहगीरों को काटने की घटनाएं भी होती हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि देशी और विदेशी कुत्ता पालने वालों से अलग-अलग दर से कर वसूला जाए।
