अथिया शेट्टी और केएल राहुल की शादी के बाद एक्ट्रेस नीना गुप्ता की बेटी मसाबा की शादी की खबर सभी के लिए हैरान करने वाली रही। शादी को लेकर पहले कोई जानकारी नहीं थी। अचानक मसाबा और सत्यदीप की ओर से शादी को लेकर घोषणा की गई। शादी में मसाबा के पिता विवियन रिचर्ड भी खास तौर पर शामिल हुए।
सत्यदीप से शादी करने के बाद मसाबा ने इंस्टाग्राम पर कुछ फोटोज शेयर कीं। खूबसूरत लहंगे में सजी मसाबा और सिम्पल कुर्ता पायजामा में सत्यदीप की जोड़ी काफी अच्छी लग रही थी। मसाबा लम्बे समय से सत्यदीप को डेट कर रही थीं। शादी के पल पर भावुक होते हुए उन्होंने पति की तुलना शांत सागर से की। उनके अनुसार सत्यदीप उनकी जिंदगी में शांति और स्थिरता लेकर आए हैं। उनके कारण ही उनकी जिंदगी में मुस्कुराहट है।
मसाबा फैशन डिजाइनर हैं, इसलिए उन्होंने अपना वेडिंग लहंगा खास अंदाज में तैयार किया। उन्होंने अपने ‘पान पत्ती’ लहंगे की खासियत साझा की। मसाबा गुप्ता के पति सत्यदीप मिश्रा भी मनोरंजन जगत का ही हिस्सा हैं। वे फिल्मों और वेब सीरीज की दुनिया में सक्रिय हैं। सत्यदीप ने ‘नो वन किल्ड जेसिका’ से साल 2011 में कॅरियर की शुरुआत की थी। सत्यदीप वकील हैं। मुंबई आने से पहले वे दिल्ली में वकालत करते थे। इसके बाद मुंबई में उन्होंने अदिति राव हैदरी से शादी की थी। लेकिन दोनों 2013 में अलग हो गए। अदिति राव हैदरी से अलग होने के बाद सत्यदीप, मसाबा के सम्पर्क में आए। दोनों लम्बे समय से एक दूसरे को डेट कर रहे थे। अब दोनों ने अपने रिश्ते को नाम दे दिया है।
