जम्मू-कश्मीर में आज भारत जोड़ो यात्रा फिर से शुरू हुई। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत अवंतीपोरा से की। आज पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी अपनी बेटी के साथ यात्रा में शामिल हुईं।
राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपुरा से शनिवार सुबह अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ फिर शुरू की। एक दिन पहले पार्टी की ओर से सुरक्षा चूक का आरोप लगाने के बाद यात्रा को अनंतनाग जिले में अस्थाई रूप से रोक दिया गया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि केंद्र-शासित प्रदेश में पुलिस की ओर से किए गए सुरक्षा इंतजाम पूरी तरह से नाकाम रहे हैं।
आरोपों पर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने कहा था कि जितने लोगों की उम्मीद थी, उससे कहीं अधिक भीड़ जुटने की वजह से सुरक्षा संसाधनों पर दबाव बढ़ गया और ऐसा प्रतीत हुआ कि राहुल गांधी की यात्रा के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। आज महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती के साथ अनकी पार्टी के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हुए।
कश्मीर में राहुल के साथ उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी यात्रा में हिस्सा ले सकती हैं। यात्रा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा बलों ने यात्रा के आगाज़ स्थल तक जाने वाली सभी सड़कों को सील कर दिया था। केवल अधिकृत वाहनों और पत्रकारों को ही कार्यक्रम स्थल तक जाने की अनुमति दी गई। राहुल के इर्द-गिर्द तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा मौजूद है।
यात्रा को पम्पोर के गलंदर इलाके के बिरला स्कूल के पास कुछ देर रुकने के बाद शाम तक श्रीनगर के बाहरी इलाके पंठा चौक पहुंचना है। पंठा चौक पर रात्रि विश्राम के बाद ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रविवार सुबह आगे बढ़ेगी और शहर के बोलेवार्ड रोड पर नेहरू पार्क के पास समाप्त होगी। राहुल सोमवर को एमए रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराएंगे, जिसके बाद एसके स्टेडियम में एक जनसभा होगी। इस जनसभा में 23 विपक्षी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। भारत जोड़ो यात्रा का आगाज़ पिछले साल सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुआ था।
