एक लाख इक्कीस हजार रुपए के इनामी डकैत केशव गुर्जर और पुलिस के बीच धौलपुर के जंगलों में देर रात मुठभेड़ हुई, जिसमें गुर्जर के पैर में गोली लगी है। उसके दो दर्जन से अधिक साथियों की जंगल में तलाश की जा रही है। पुलिस घायल डकैत को धौलपुर जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंची है।
सूत्रों के अनुसार धौलपुर एसपी धर्मेंद्र सिंह को बीती रात केशव गुर्जर के डांग क्षेत्र में छुपे होने की जानकारी मिली थी।एसपी खुद टीम के साथ जंगलों में पहुंचे थे। यहां केशव के गैंग के साथ करीब तीन-चार घंटे तक मुठभेड़ चली। भरतपुर आईजी गौरव श्रीवास्तव ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
डीएसपी मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि एसपी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में सोने का गुर्जा और चंबल किनारे डकैत को पकड़ने के लिए सर्च अभियान चलाया गया था। डांग में डकैत के साथियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन में कई थानों की पुलिस और एंटी डकैत फोर्स (एडीएफ) के साथ एसपी की विशेष पुलिस टीम शामिल है।
केशव गुर्जर धौलपुर के कुदिन्ना गांव का रहने वाला है। वह 10 साल से फरार चल रहा था। मुरैना और राजस्थान पुलिस ने मिलाकर इस पर 1.20 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। उस पर 40 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। केशव का गैंग राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में सक्रिय है। गैंग में दो दर्जन सदस्य बताए जाते हैं।
