मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का हैलीकॉप्टर आज बांरा से लौटते समय उड़ान नहीं भर सका। उन्हें सड़क मार्ग से कोटा रवाना होना पड़ा।
गहलोत पशु-पक्षी चिकित्सालय और ट्रोमा सेंटर का लोकार्पण करने बांरा गए थे। उन्होंने वहां भागवत कथा भी सुनी। करीब पौने दो बजे वह कथास्थल से हैलीपैड के लिए रवाना हुए। वहां पायलट ने उनको हैलीकॉप्टर खराब होने की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार गहलोत हैलीकॉप्टर में जाकर बैठ गए थे। करीब पांच मिनट जब हैलीकॉप्टर का इंजन स्टार्ट नहीं हुआ तो वह नीचे उतरकर सेफ रूम में जा बैठे। वहां कुछ देर इंतजार किया, फिर सड़क मार्ग से रवाना होने का निर्णय लिया। सडक से कोटा जाने के निर्णय से पुलिस-प्रशासन अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उनका रास्ता साफ कराया गया। कोटा-बांरा मार्ग के सभी थाऩों को अलर्ट किया गया। जगह-जगह चौराहों और रोड-कट पर पुलिस जवान तैनात किए गए।
