पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के पति देवीसिंह शेखावत का 89 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से पुणे के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पूर्व राष्ट्रपति के परिवार से जुड़े करीबी सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शेखावत को कुछ दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूत्रों ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से आज सुबह करीब नौ बजे उनका निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी प्रतिभा पाटिल, एक बेटा तथा एक बेटी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने शेखावत के निधन पर शोक जताया। मोदी ने ट्वीट किया, डॉ. देवीसिंह शेखावत के निधन पर मेरी संवेदनाएं हमारी पूर्व राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल जी और उनके परिवार के साथ हैं। पवार ने ट्वीट किया, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रख्यात कृषिविद देवीसिंह रणसिंह शेखावत जी के निधन से गहरा दुख हुआ। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि वह डॉ. देवीसिंह शेखावत के निधन की सूचना से स्तब्ध हैं।
शेखावत मूल रूप से राजस्थान के सीकर जिले कस्बे छोटी लोसल के थे। उनका परिवार करीब एक सदी पहले महाराष्ट्र के अमरावती शहर में जा बसा था। वह पत्नी प्रतिभा पाटिल के साथ अपने पैतृक स्थान आते रहते थे।
