गौतम अडानी के शेयरों में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद से जो गिरावट का दौर शुरू हुआ है, उसके चलते उनकी नेटवर्थ महीनेभर में ही लगभग 81 अरब डॉलर घट गई है। एक महीने में अमीरों की सूची में वह चौथे से गिरकर अब 33वें नंबर पर आ गए हैं।
हर बीतते दिन के साथ अडानी को बड़े झटके लगते जा रहे हैं। साल 2023 इस भारतीय अरबपति के लिए बेहद खराब साबित होता जा रहा है। अमेरिकी शॉर्ट सेलर फर्म द्वारा 24 जनवरी को रिसर्च रिपोर्ट प्रकाशित किए जाने के अगले ही दिन से ही अडानी अमीरों की सूची में नीचे खिसकते जा रहे हैं। वह पहले टॉप-10 से… फिर टॉप-20 की सूची से बाहर हो गए और अब टॉप-30 में भी नहीं रहे।
इस साल की शुरुआत से अब तक अडानी करीब 81 अरब डॉलर की संपत्ति गवां चुके हैं। फोर्ब्स के रियल टाइम बिलनॉयर इंडेक्स के अनुसार अडानी की नेटवर्थ गिरते-गिरते अब 35.3 अरब डॉलर रह गई है। इतनी संपत्ति के साथ वे दुनिया के 33वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। महीनेभर के भीतर ही अडानी के शेयर 85 फीसदी तक टूट चुके हैं। बीते साल सितंबर 2022 में गौतम अडानी 150 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ नंबर एक की कुर्सी की ओर बढ़ते जा रहे थे।
अडानी की नेटवर्थ में आ रही कमी के चलते उनसे एशिया के सबसे रईस इंसान का ताज पहले ही छिनकर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के पास पहुंच गया है। दोनों भारतीय अरबपतियों की संपत्ति में फासला भी बढ़ता चला जा रहा है।
