संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की अध्यक्ष और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनको कल तबीयत खराब होने पर दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि उनके सीने में इंफेक्शन है। उनकी बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अस्पताल में उनकी देखभाल कर रही हैं। अस्पताल ने एक बयान में कहा कि 76 वर्षीय सोनिया गांधी की हालत स्थिर है।
अस्पताल में डॉ. अरूप बसु के नेतृत्व में एक मेडिकल टीम सोनिया गांधी की निगरानी कर रही है। उनको रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इंफेक्शन है। बयान के अनुसार इसका उचित इलाज किया जा रहा है। सर गंगा राम अस्पताल ट्रस्ट सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ डी एस राणा ने कहा कि उनकी निगरानी और जांच की जा रही है और हालत स्थिर है।
इस साल दूसरी बार सोनिया गांधी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जनवरी में उनको वायरल श्वसन संक्रमण के इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
