विराट कोहली और अनुष्का शर्मा शनिवार सुबह महाकाल मंदिर पहुंचे। दोनों ने सुबह 4 बजे भस्म आरती की औऱ भगवान का आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद विराट ने मीडिया से जय महाकाल कहा। अनुष्का ने कहा कि भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेकर बहुत अच्छा लगा।
विराट-अनुष्का डेढ़ घंटे तक नंदी हॉल में बैठे। आरती के बाद दोनों ने मंदिर के गर्भगृह में जाकर पंचामृत पूजन अभिषेक किया। विराट ने गले में रुद्राक्ष की माला धारण की हुई थी। साथ ही मस्तक पर चंदन का त्रिपुंड लगाकर धोती सोला पहने हुए थे। अनुष्का शर्मा साड़ी में नजर आईं।
विराट और अनुष्का नए साल में वृंदावन गए थे। दोनों वृंदावन स्थित बाबा नीम करौली के आश्रम पहुंचे थे। अनुष्का के कुछ वीडियोज सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे। अनुष्का, कोहली और बेटी वामिका के साथ हाथ जोड़े नजर आई थीं। वे 2 दिन वृंदावन में ही रहे थे। इसके बाद वे आनंदमई आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने संतों से मुलाकात की थी।
इससे पहले दो अन्य क्रिकेटरों केएल राहुल और अक्षर पटेल भी अपनी-अपनी पत्नियों के साथ महाकाल के दर्शन करने उज्जैन गए थे। राहुल अपनी पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस अथिया शेट्टी के साथ रविवार सुबह महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां दोनों ने भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। दोनों पिछले महीने ही में विवाह बंधन में बंधे हैं। इसी प्रकार टीम इंडिया के ऑल राउंडर प्लेयर अक्षर पटेल, पत्नी मेहा के साथ महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। सोमवार तड़के हुई भस्म आरती में दोनों शामिल हुए। भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। दोनों ने पिछले महीने जनवरी में ही शादी की है। अक्षर पटेल और मेहा ने साथ बैठकर करीब एक घंटे से अधिक समय नंदी हॉल में बिताया। भस्म आरती के बाद दोनों ने गर्भगृह में जाकर पूजा और अभिषेक किया।
