जालोर जिले के एक गांव में शादी नहीं होने से नाराज देवरों ने अपनी ही भाभी को कुल्हाड़ी से मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने बीच बचाव के लिए आए पड़ोसी की भी ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। 12 साल के भतीजे पर हमलाकर उसे भी गंभीर घायल कर दिया।
चौंकाने वाले इस दोहरे हत्याकांड के बाद एक आरोपी ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। मामला जालोर के रामसीन थाना क्षेत्र के मोदरान गांव में का है। वारदात पुलिस चौकी से महज 200 मीटर दूर हुई है।
रामसीन थाना पुलिस के अनुसार रतनसिंह की पत्नी इंद्रा कंवर(45) अपनी बेटी और बेटे के साथ रह रही थी। उसके सगे देवर डूंगरसिंह और पहाड़सिंह अपनी शादी नहीं होने और भतीजी को आटे-साटे की प्रथा में नहीं देने की बात को लेकर शुक्रवार रात भाभी से बहस करने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों ने भाभी पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया और उनकी हत्या कर दी। देवर जब अपनी भाभी से झगड़ रहे थे, तभी पड़ोसी हरी सिंह वहां आ गए और उन्हें अपनी भाभी के साथ लड़ाई नहीं करने की सलाह दी। इस पर वे दोनों और भड़क गए। उनके पीछे भागे और पीछे से कुल्हाड़ी से वार कर हरी सिंह की भी हत्या कर दी। आरोपियों ने अपने भतीजे की गर्दन पर भी कुल्हाड़ी से वार किया। उसे गंभीर हालात में भीनमाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लड़ाई शुरू होते ही महिला की बेटी भागकर पुलिस चौकी पहुंची और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस सक्रिय होती तब तक दो लाशें बिछ चुकी थीं। मृतका का पति रतनसिंह हैदराबाद में व्यवसाय करता है। उसे वारदात की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस के पास कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती करवाया है।
जालोर एसपी डॉ. किरण कंग सिद्धू ने बताया, पुलिस को सूचना मिली थी कि मोदरान गांव में 2 सगे देवरों ने एक भाभी और पड़ोसी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी है। मैं खुद मौके पर गई। एक आरोपी ने कीटनाशक पी लिया था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसे पुलिस हिरासत में भी ले लिया गया है। मामला पारिवारिक और सगाई को लेकर हुआ। मृतका का बेटा भी घायल है। मौके पर पुलिस टीम तैनात है।’
