मुंबई का सबसे लोकप्रिय स्ट्रीट फूड ‘वड़ा पाव’ अब दुनिया के बेस्ट सैंडविच की सूची में शामिल हो चुका है। इस सूची को हाल ही में ‘टेस्ट एटलस’ ने जारी किया, जो पारंपरिक खाने के लिए एक ट्रेवल गाइड है।
‘टेस्ट एटलस’ ने हाल ही में’विश्व के 50 बेस्ट सैंडविच’ की सूची जारी की, जिसमें वड़ा पाव को 13वें स्थान पर रखा गया है। उसी सूची में तुर्की का ‘टॉम्बिक’ पहले स्थान पर है। इस डिश के बाद पेरू का ‘बुटीफारा’ और अर्जेंटीना का ‘सैंडविच डे लोमो’ का नाम आता है।
दुनियाभर में अपनी पहचान बनाने वाला वड़ा पाव, बीच से आधा काटकर उसमें हरी मिर्च और आलू पकोड़ा रखकर झटपट बनने वाली डिश है। आलू पकोड़ या टिक्की मैश्ड आलू से बना होती है, जिसे चना बैटर में तला जाता है।
इस डिश को किसने और कब बनाया, इसकी जानकारी भी ‘टेस्ट एटलस’ ने दी है। टेस्ट एटलस की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार वड़ा पाव का इतिहास 53 साल पुराना है। इसे बनाने का श्रेय भी बहुत ही आम परिवार को जाता है। यह प्रतिष्ठित स्ट्रीट फूड ‘अशोक वैद्य’ नाम के एक स्ट्रीट वेंडर की देन है, जो 1960 और 1970 के दशक में दादर रेलवे स्टेशन के पास काम करते थे। उन्होंने मजदूरों की भूख मिटाने के लिए एक ऐसे फास्ट फूड को बनाने के बारे में सोचा जो बनाने में आसान और सस्ता हो।
वड़ा पाव मुंबईवालों के जीवन का एक अभिन्न अंग बन गया है। चाहे गली वाला हो या रईस, वड़ा पाव सबकी पसंदीदा डिश है। आज इसकी लोकप्रियता आसमान छू रही है।
