मध्य प्रदेश के रतलाम में आयोजित जूनियर बॅाडी बिल्डिंग प्रतियोगिता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इसके कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है, जिसमें प्रतियोगी महिलाएं बिकिनी पहने नजर आ रही हैं। जबकि मंच पर बजरंगबली की प्रतिमा भी रखी दिखाई दे रही है। कांग्रेस ने आयोजनकर्ता भजपा नेताओं पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाते हुए उनसे माफी मांगने को कहा है। वहीं, भाजपा ने कांग्रेस पर महिलाओं के अपमान का आरोप लगाया है।
रतलाम में इंडियन बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के बैनर तले 2 दिवसीय प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जो रविवार को सम्पन्न हुई। इसमें हिस्सा लेने वाली महिला प्रतियोगी संगीत की धुन पर शरीर की मांसपेशियां दिखा रही हैं। वह हनुमान जी की प्रतिमा के करीब से गुजरीं। इसी बात को लेकर बवाल हो गया है। कांग्रेस ने इसे अश्लीलता करार दिया है।
कांग्रेस का कहना है कि वह आयोजन स्थल को गंगाजल से पवित्र कर हनुमान चालीसा का पाठ करेगी। दूसरी तरफ भाजपा ने कांग्रेस नेताओं की पोस्ट पर नाराजगी जताते हुए उसे नारी शक्ति का अपमान बताया। भाजपा नेताओं की तरफ से थाने जाकर कार्रवाई की मांग की गई है। वहां ढाई घंटे तक नारेबाजी होती रही। पुलिस द्वारा 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का आश्वास देने पर सभी वहां से चले गए।
