राजस्थान में आज रात से 24 घंटों तक महिलाओं को रोडवेज बसों में सफर के लिए किराया नहीं देना होगा। फ्री यात्रा का ये लाभ कल पूरे दिन मिलेगा। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सरकार ने महिलाओं को ये सुविधा दी है।
राजस्थान रोडवेज प्रशासन से जारी आदेशों के तहत फ्री सफर की सुविधा आज रात 12 बजे से मिलेगी। 12 बजे बाद अगर कोई महिला यात्रा के लिए रोडवेज की बसों में टिकट लेती है तो उनको एक भी रुपए नहीं देने होंगे। फ्री ट्रेवल का फायदा कल रात 11.59 बजे तक मिलेगा। इस सुविधा का लाभ केवल राजस्थान राज्य की सीमा के अंदर मिलेगा। अगर कोई राजस्थान की सीमा से बाहर जैसे दिल्ली, आगरा, मथुरा या दूसरे राज्यों के शहरों में जाता है तो उससे राज्य की सीमा तक किराया नहीं लिया जाएगा। उसके आगे का किराया वसूला जाएगा।
इस बार रोडवेज प्रशासन को पूरे प्रदेश में 8 लाख से ज्यादा महिलाओं के सफर करने अनुमान है। क्योंकि 7 मार्च को धुलंडी पर्व के अगले दिन बड़ी संख्या में लोग अपने गांव या शहरों से काम-काज के लिए दूसरे शहरों में आएंगे। इस कारण 8 मार्च को सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा यात्रियों की भीड़ रहेगी।
महिलाओं को कल मिलने वाली फ्री ट्रेवल की सुविधा का लाभ केवल साधारण और एक्सप्रेस बसों में ही मिलेगा। एसी, वोल्वो बसों में ट्रेवल करने पर महिलाओं से निर्धारित 70 फीसदी किराया वसूला जाएगा।
