वीरांगनाओं पर राजस्थान सरकार और भाजपा का टकराव बढ़ता जा रहा है। 10 दिनों से अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहीं तीन शहीदों की पत्नियों को कल तड़के तीन बजे धरना स्थल से जयपुर पुलिस ने हटा दिया और उनका समर्थन कर रहे भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा को हिरासत में ले लिया था। आज इस घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता ने उग्र प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता सीएम अशोक गहलोत के निवास की ओर मार्च करने के दौरान उग्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ दिए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
कार्यकर्ता भाजपा मुख्यालय से निकले तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान विधायक मदन दिलावर पुलिस जवानों के पैरों में लेट गए। बैरिकेड पार करने के प्रयास में प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया के पैर में चोट लग गई। करीब ढाई घंटे के प्रदर्शन के बाद भाजपा नेता-कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां दीं। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने विद्याधर नगर ले जाकर छोड़ दिया।
इससे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभा भी की। प्रदर्शन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया, उपनेता प्रतिपक्ष डॉ राजेंद्र राठौड़, सांसद घनश्याम तिवाड़ी सहित कई नेता मौजूद रहे।
