न्यूजीलैंड के हाथों पहले टेस्ट में श्रीलंका की हार के बाद भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्लूटीसी) के फाइनल में पहुंच गया है। खिताबी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से जून में होगा। डब्लूटीसी के एक अहम मुकाबले में सोमवार को न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को दो विकेट से हरा दिया। इसके बाद टीम इंडिया का रास्ता साफ हो गया। डब्लूटीसी टूर्नामेंट की टेबल में ऑस्ट्रेलिया टॉप पर रहा। भारत ने दूसरे नंबर पर रहकर जगह पक्की कर ली।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 7 से 11 जून तक लंदन स्थित ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर होगा। आईसीसी ने मैच के लिए एक दिन रिजर्व रखा है। यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का दूसरा सीजन है। भारत पहले सीजन का फाइनल भी खेला था। 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल खेला था। तब कीवी टीम ने साउथैम्टन में भारत को 8 विकेट से हरा दिया था।
इसबार श्रीलंका के हारने से टीम इंडिया को फायदा हुआ है। श्रीलंका आज न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट हार गया। इस वजह से टेबल में उसके 48.48 फीसदी पॉइंट्स हो गए है। अब अगर श्रीलंका की टीम सीरीज जीतती भी है, तो उसके भारत के बराबर पॉइंट्स नहीं होंगे।
दूसरी ओर अगर भारतीय टीम चौथा टेस्ट मैच हार भी जाता, तो उसके 56.94 फीसदी पॉइंट्स होते, जो कि श्रीलंका से ज्यादा होंगे।
पांचवें दिन न्यूजीलैंड को जीत के लिए 257 रन की जरूरत थी। न्यूजीलैंड ने 28/1 के स्कोर के आगे खेलना शुरू किया। केन विलियमसन ने शतकीय पारी खेल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। विलियमसन ने 194 गेंदों पर 121 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 11 चौके और एक छक्का भी लगाया। विलियमसन के अलावा डेरिल मिचेल ने 81 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो ने सबसे जयदा 3 विकेट लिए। उनके अलावा प्रभात जयसूर्या ने 2, कासुन रजिथा और लाहिरू कुमारा ने 1-1 विकेट लिए।
