आम आदमी पार्टी ने सोमवार को जयपुर में तिरंगा रैली निकालकर आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया। रैली के समापन पर आयोजित जनसभा में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कांग्रेस और भाजपा पर जमकर प्रहार किए। नेताद्वय ने कहा कि राजस्थान को दोनों दलों ने लूटा है। पांच साल कांग्रेस और पांच साल भाजपा ने राज किया। अब राजस्थान में झाडू सफाई करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस को दो बार जीरो मिला। अब आप राजस्थान में झाड़ू चलाने को तैयार दिख रहे हो। मोदी कहते हैं कि ये फ्री की रेवडी बांटते हैं, अरे भाई ये तो जनता के टैक्स का पैसा है। अगर ये फ्री रेवड़ी है, तो 15 लाख का पापड़ किसने दिया था। इससे पहले ‘आप’ ने सांगानेरी गेट से तिरंगा रैली निकाली जो बापू बाजार, नेहरू बाजार होते हुए अजमेरी गेट पहुंची। वहां पहुंचकर दोनों मुख्यमंत्रियों ने जनता को सम्बोधित किया। भगवंत मान ने कहा कि हर घर में केजरीवाल और झाड़ू होना चाहिए। इसके लिए आपको संघर्ष करना होगा। ऐसा नहीं किया तो ये (कांग्रेस-भाजपा) सब कुछ बेच देंगे। ये शहीदों का कफ़न बेचकर खा गए। दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने कहा कि आपका प्यार हमको जिंदा रखता है। आजादी से लेकर आज तक 48 साल कांग्रेस ने राज किया है। 18 साल भाजपा ने राज किया है। आज आप देख सकते हैं राजस्थान का क्या हाल है। पेपर लीक हो रहे हैं। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। चारों तरफ गरीबी है। वीरांगनाओं को बेइज्जत करके भेज दिया जाता है। 1993 से लेकर एक बार भाजपा, एक बार कांग्रेस का क्रम चल रहा है। उन्होंने कहा कि बारी-बारी से दोनों ने लूटा है। ये चोर चोर मौसेरे भाई हैं। जब कांग्रेस की सरकार आती है तो भाजपा कहती है घोटाला कर दिया, लेकिन भाजपा वालों ने आज तक एक भी कांग्रेसी को जेल नहीं भेजा। दोनों पार्टियों की आपस में सेटिंग है, मगर हमारी इनसे नहीं जनता से सेटिंग है।
