कार हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अब ठीक हो रहे हैं। 25 साल के स्टार विकेटकीपर अब स्टिक के सहारे चलने लगे हैं। वे जल्द ठीक हों, इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
पंत ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे स्विमिंग पूल के अंदर पानी में चलते नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में एक स्टिक है। पंत ने पोस्ट में लिखा, छोटी-बड़ी हर चीज के लिए आभारी हूं।
30 दिसंबर 2022 को सुबह 5:30 बजे दिल्ली से देहरादून जाते हुए कार हादसे में बुरी तरह घायल हुए पंत 6 हफ्ते तक अस्पताल में रहे और अब रिकवरी कर रहे हैं। वह कुछ दिन पहले बैसाखी के सहारे चलते दिखे थे। उन्होंने 10 फरवरी को कुछ फोटोज पोस्ट किए थे, जिसमें वे एक्सीडेंट के बाद पहली बार चलते नजर आए। इन फोटोज के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा था, एक कदम आगे, एक कदम स्ट्रॉन्गर, एक कदम बेहतर।
एक्सीडेंट के बाद पंत करीब 6 हफ्तों तक मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में भर्ती रहे। वहां उनके घुटने की सर्जरी हुई थी। उनका शुरुआती इलाज देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में हुआ था। बाद में बीसीसीआई ने पंत को बेहतर इलाज के लिए मुंबई स्थित कोकिलाबेन हॉस्पिटल में शिफ्ट करा दिया था। जहां बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में उनका इलाज हुआ।
एक्सीडेंट के बाद 16 जनवरी को पंत ने पहली बार सोशल मीडिया पर अपने ठीक होने का मैसेज पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने हादसे के बाद खुद को हॉस्पिटल पहुंचाने वालों को धन्यवाद कहा था।
