देश में माल एवं सेवा कर (जीएसटी) का संग्रह मार्च में 13 प्रतिशत बढ़कर 1.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है। वित्त मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। यह अप्रैल 2022 के जीएसटी संग्रह के बाद अब तक का दूसरा सबसे बड़ा जीएसटी संग्रह है। वित्त मंत्रालय ने शनिवार को मार्च, 2023 के जीएसटी संग्रह के आंकड़े जारी करते हुए कहा कि इस महीने में अब तक का सर्वाधिक जीएसटी रिटर्न जमा किया गया।
इसके पहले फरवरी में जीएसटी संग्रह 1.49 लाख करोड़ रुपये रहा था, जबकि जनवरी में 1.57 लाख करोड़ रुपये का कर संग्रह हुआ था। जीएसटी का सर्वाधिक संग्रह अप्रैल, 2022 में 1.68 लाख करोड़ रुपये का हुआ था.।
वित्त मंत्रालय ने कहा कि मार्च 2023 के लिए 1,60,122 करोड़ रुपये का सकल जीएसटी राजस्व एकत्रित किया गया है। लगातार 12 महीनों से मासिक जीएसटी राजस्व संग्रहण 1.4 लाख करोड़ से अधिक रहा है। मंत्रालय ने कहा है कि मार्च 2023 में कुल जीएसटी संग्रह 1,60,122 करोड़ रुपये में केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) 29,546 करोड़ रुपये है, जबकि राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) संग्रह 37,314 करोड़ रुपये है। वहीं एकीकृत जीएसटी (आईजीएसटी) के मद में 82,907 करोड़ रुपये इकट्ठे हुए हैं। इसके साथ 10,355 करोड़ रुपये का उपकर भी शामिल है।
राज्यों में जीएसटी संग्रहण वृद्धि के मामले में मिजोरम पहले स्थान पर है। यहां साल 2021-22 के मुकाबले 2022-23 में जीएसटी संग्रह में 91.16 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। अंडमान निकोबार में 38.88 प्रतिशत, अरुणाचल प्रदेश में 37.56, नगालैंड में 35.7 प्रतिशत और गोवा में जीएसटी संग्रह में 33.33 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
