राजस्थान के चूरू जिले में शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। 6 लोग गंभीर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सभी घायलों को राजकीय रेफरल हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां से गंभीर 3 घायलों को हरियाणा के हिसार रेफर कर दिया गया। हादसे का शिकार हुए सभी मृतक और घायल हरियाणा के है। हादसा चूरू जिले के सादुलपुर थाना इलाके में हुआ।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के हिसार जिले के सिहाड़वा गांव का एक परिवार सालासर बालाजी के धोक लगाने आया था। धोक लगाने के बाद देर रात को परिवार के लोग पिकअप से अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान राजगढ़-चूरू हाईवे पर रतनपुरा गांव के पास शनिवार देर रात करीब 1 बजे ट्रक और पिकअप में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए। मृतकों में 3 बच्चे शामिल हैं।
