मोदी सरनेम मामले में संसद सदस्यता खो चुके कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार अडानी मुद्दे को उछाल कर सवाल कर रहे हैं। इसी क्रमें में शनिवार को उन्होंने ऐसा ट्वीट किया, जिससे लोग चकरा गए। इस ट्वीट में राहुल ने उन पूर्व कांग्रेसियों को निशाना बनाया, जो अब भाजपाई हो चुके हैं।
राहुल गांधी के ट्वीट में एक वर्ड प्ले पजल की फोटो दिखाई दी, जिसमें सेंटर में तो अडानी लिखा दिखा, लेकिन उन्हीं अक्षरों से उन पुराने साथियों के नाम भी लिखे दिखाई दिए जो अब कांग्रेस का हाथ और राहुल गांधी का साथ छोड़ चुके हैं।
सबसे पहले राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा, सच्चाई छुपाते हैं, इसलिए रोज़ भटकाते हैं। सवाल वही है – अडानी की कंपनियों में ₹20,000 करोड़ बेनामी पैसे किसके हैं?’ इसके बाद उन्होंने एक फोटो भी अटैच की, जिसमें अडानी लिखा था। लेकिन इसके ही अक्षरों से कई अन्य नाम भी लिखे. जिनमें गुलाम नबी आजाद, सिंधिया, किरण कुमार रेड्डी, हिमंता बिस्व सरमा और अनिल एंटनी के नाम शामिल दिखे।
कांग्रेस के साथ कई दशकों तक साथ निभाते आए वरिष्ठ कांग्रेसी की पहचान लिए रहे गुलाम नबी आजाद बीते साल अगस्त 2022 में पूर्व कांग्रेसी हो गए। उन्होंने कई दिन की नाराजगी के बाद कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और देश की इस सबसे पुरानी पार्टी के वर्तमान नेतृत्व पर कई गंभीर सवाल उठाए। कांग्रेस से अलग होकर गुलाम नबी आजाद ने डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी नाम से अपने नए राजनीतिक दल का गठन किया है।
अडानी के ‘डी’ से राहुल गांधी ने कभी अपने घनिष्ठ मित्र रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा। अभी केंद्रीय मंत्री सिंधिया के परिवार से गांधी परिवार की दोस्ती दो पीढ़ियों से रही है, लेकिन मार्च 2020 को सिंधिया भाजपा में आ गए। दोस्ती की जड़ें कमजोर भले हुईं, लेकिन कभी सिंधिया ने सीधे तौर पर राहुल गांधी को निशाने पर नहीं लिया था। मगर शुक्रवार को ग्वालियर में एक मंच से उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला किया। इन बयानों के बाद राहुल गांधी ने उन पर ट्वीट के जरिए निशाना साधा।
गुलाम नबी आजाद और सिंधिया पर हमलावर होने के बाद राहुल गांधी के निशाने पर अगले पूर्व कांग्रेस किरण कुमार रेड्डी रहे। रेड्डी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा और अगले ही दिन वह राहुल गांधी के निशाने पर आए और उनके वर्ड प्ले पजल का हिस्सा बन गए।
पूर्वोत्तर में कांग्रेस की पताका को बुलंद रखने में हिमंता बिस्व सरमा हमेशा अहम नाम रहे हैं। साल 2011 में असम में कांग्रेस ने उन्हीं के बूते सरकार बनाई, लेकिन बकौल हिमंता, उन्हें कभी वो दर्जा नहीं मिला जिसके वह असल हकदार थे। उन्होंने अभी हाल ही में राहुल गांधी पर निशाना साधा था और कहा कि उनके लिए किसी के पास समय नहीं है। लिहाजा अपने ट्वीट में राहुल गांधी ने उनका भी नाम लिया है। सबसे आखिरी में राहुल गांधी ने ‘ADANI’ से आई लेकर अनिल लिखा है। इसके जरिए उन्होंने हाल ही में भाजपा में शामिल हुए अनिल एंटनी की ओर इशारा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादास्पद बीबीसी डॉक्यूमेंट्री की आलोचना करने वाले ट्वीट के बाद जनवरी में अनिल ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। अनिल एंटनी ने ट्वीट कर लिखा था कि भाजपा के साथ तमाम मतभेद हैं, लेकिन इसके बावजूद डॉक्यूमेंट्री से देश की संप्रभुता प्रभावित होगी। अनिल एंटनी के इस ट्वीट के बाद कांग्रेस में हड़कंप मच गया था। कांग्रेस के नेता अनिल पर ये ट्वीट डिलीट करने के लिए दबाव बना रहे थे। तभी उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उन्होंने भाजपा जॉइन कर ली। इस तरह वह राहुल गांधी के निशाने पर आ गए।
