राजस्थान के टोंक जिले के मालपुरा कस्बे में दो समुदायों के बीच झड़प में पथराव हुआ और लाठी-डंडे चले। दो पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर बाद मालपुरा में पुरानी तहसील के पास दो समुदायों के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, फिर मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। लोग लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतर आए।
सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिसबल पहुंचा। लोगों को बड़ी मुश्किल से शांत कराया गया। पथराव में दो कांस्टेल और चार अन्य लोग घायल हुए हैं। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर चार थानों की पुलिस बुलाई गई है। मामले की जांच शुरू हो गई है।
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें कई लोग पथराव करते नजर आ रहे हैं। पुलिसकर्मी लोगों को समझाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। वीडियो में पथराव से सड़क पर चारों तरफ पत्थर बखरे दिखाई दे रहे हैं।
