भारत ने सूडान से भारतीयों को निकालकर स्वदेश वापस लाने के लिए ‘ऑपरेशन कावेरी’ शुरू किया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। सूडान में करीब 3 हजार भारतीय फंसे हुए हैं।
वायु सेना के दो सी-130 विमान और नौसेना का आईएनएस सुमेधा जहाज सूडान के गृह युद्ध में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए सऊदी अरब और सूडान पहुंच चुके हैं। वायु सेना के जहाज सऊदी अरब के जेद्दा में तैनात हैं, जबकि आईएनएस सुमेधा सूडान बंदरगाह पहुंच गया है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई।
वहीं, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट किया कि ऑपरेशन कावेरी सूडान में फंसे हमारे नागरिकों को वापस लाने के लिए चलाया जा रहा है। लगभग 500 भारतीय पोर्ट सूडान पहुंच गए हैं। रास्ते में और भी भारतीय हैं। हमारे जहाज और विमान उन्हें घर वापस लाने के लिए तैयार हैं। अफ्रीकी देश सूडान इस समय गृह युद्ध से जूझ रहा है। सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच जारी संघर्ष में अब तक 400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। गृहयुद्ध के बीच 16 अप्रैल को एक भारतीय नागरिक अल्बर्ट ऑगस्टीन की भी मौत हुई है।
