भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज अजमेर में जनआक्रोश महाघेराव किया गया। इसमें प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भी शामिल हुए। पहले सूचना केन्द्र के पास सभा हुई, नारेबाजी करते हुए रैली निकाली गई। रैली के जिला कलक्ट्रेट पहुंचते ही भाजपाई पुलिस से भिड़ गए। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करते हुए प्रदेशाध्यक्ष जोशी सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए। उन्हें समझाइश कर कलक्ट्रेट में ले जाया गया, जहां पर पार्टी नेताओं ने जिला कलक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
भाजपा के जनआक्रोश महाघेराव के मद्देनजर पुलिस ने बेरिकेडिंग कर कलक्ट्रेट का गेट बंद कर दिया था। भाजपाई प्रदर्शन करते हुए वहां पहुंचे औऱ बेरिकेड गिरा दिए। प्रदर्शनकारियों ने कलक्ट्रेट के अंदर घुसने का भी प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान पुलिस व भाजपाईयों में धक्का मुक्की हो गई।
पुलिस से धक्का मुक्की व गेट पर रोक देने से नाराज होकर प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी कलक्ट्रेट के बाहर सड़क पर बैठ कर रामधुनी गाने लगे। पुलिस अधिकारियों ने आकर समझाइश की और बेरिकेड हटाए। इसके बाद जोशी ने कलक्ट्रेट में जाकर जिला कलक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राज्य की कांग्रेस सरकार को बर्खास्त करने की राज्यपाल से मांग की गई है।
