सूडान में फंसे भारतीयों समेत दूसरे विदेशी नागरिकों को निकालने की प्रक्रिया में तेज़ी आई है। वहां से 278 भारतीयों का पहला जत्था युद्धपोत आईएनएस सुमेधा से जेद्दा के लिए रवाना हो गया है। भारत सरकार ने अपने नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालने के लिए ऑपरेशन कावेरी शुरू किया है। पीएम मोदी ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा था कि हमारी प्राथमिकता अपने लोगों के सुरक्षित वापस लाने की है और इसकी मुहिम शुरू हो चुकी है। इसबीच, सूडान में तीन दिन के युद्धविराम का ऐलान किया गया है।
अफ्रीकी देश सूडान इस समय गृह युद्ध से जूझ रहा है। सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच जारी संघर्ष में अब तक 400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। भारत समेत कई देशों के नागरिक वहां फंसे हुए हैं। सूडान में करीब 3 हजार भारतीय फंसे हुए हैं।
