कोचिंग सिटी कोटा में एक और छात्र ने सुसाइड कर लिया। सुसाइड करने वाली छात्रा राशि जैन (18) मध्यप्रदेश प्रदेश के सागर की रहने वाली थी। वह एक साल से कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। छात्रा ने फंदा लगाकर जान दी है। बताया जा रहा है कि राशि बीमार रहने की वजह से मानसिक तनाव में थी। उसने मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अपने हॉस्टल के कमरे में सुसाइड कर लिया है। बुधवार को एमबीएस हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
जानकारी के अनुसार सागर निवासी राशि जैन कोटा के तलवंडी इलाके के एक हॉस्टल में रहती थी। पिछले कई दिनों से बीमार थी। बीमार रहने की वजह से वह कोचिंग भी नहीं जा रही थी। 7 मई को उसका नीट यूजी का एग्जाम होने वाला था। एग्जाम को लेकर मानसिक तनाव मे फसने सुसाइड कर लिया है। हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्रों ने बताया कि उन्होंने मंगलवार सुबह से राशि को नहीं देखा था। वह रूम से बाहर नहीं निकली। राशि के दोपहर तक बाहर नहीं निकलने पर हॉस्टल संचालक और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो राशि का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस डीएसपी अमर सिंह ने बताया कि फिलहाल छात्रा के सुसाइड के कारण सामने नहीं आया है। छात्रा बीमार रहती थी और पढ़ाई ठीक से नहीं कर पा रही थी। संभवत: इसी वजह से उसने ऐसा कदम उठाया हो। पुलिस ने बताया कि राशि के पिता खेती-किसानी करते हैं। वो परिवार में सबसे छोटी थी। कोटा में छात्रों के सुसाइड करने की इस साल यह छठीं घटना है।
