छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सुरक्षाबलों पर बुधवार को नक्सलियों ने हमला कर दिया। आईईडी में विस्फोट से 10 जवान शहीद शहीद हो गए। एक ड्राइवर की भी मौत की खबर है। जानकारी के अनुसार अरनपुर थाना क्षेत्र में माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी बल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। अभियान से वापसी के दौरान माओवादियों ने अरनपुर मार्ग पर आईईडी विस्फोट कर दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात कर स्थिति का जायजा लिया है। सीएम बघेल ने कहा कि हमलावरों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए अतिरिक्त बल रवाना किया गया है। हाल के दिनों में सुरक्षाबलों की तरफ से नक्सलियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही थी। वहीं नक्सलियों की तरफ से भी लगातार घात लगाकर हमले किए जा रहे हैं। पिछले महीने बीजापुर में माओवादियों के लगाए प्रेशर आईईडी की चपेट में आकर सीएएफ का एक जवान शहीद हो गया था।
विस्फोट से जिस वाहन से जवान क्षेत्र में गए थे, उसके परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार बुधवार दिन में 11 बजे यह मुठभेड़ की घटना हुई। अरनपुर के जंगलों में, गाड़ी को किराये पर लिया गया था। 50 किलो की आईडी से नक्सलियों ने ब्लास्ट किया था।
