दिग्गज अभिनेत्री नीतू कपूर ने अपने दिवंगत पति ऋषि कपूर को उनकी तीसरी पुण्यतिथि पर याद किया। रविवार को इंस्टाग्राम पर नीतू ने ऋषि के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर की। तस्वीर में कपल साथ में पोज देते हुए और मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। नीतू ने इसे कैप्शन दिया ‘आप हर दिन याद आते हैं’।
ल्यूकेमिया से दो साल की लड़ाई के बाद ऋषि कपूर का 2020 में 67 साल की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने कभी कभी, बॉबी, रफू चक्कर, चांदनी, अग्निपथ, अमर अकबर एंथनी, दो दूनी चार, नसीब, अजूबा, कपूर एंड संस, मुल्क और 102 नॉट आउट सहित कई फिल्मों में काम किया। बॉलीवुड के कपूर खानदान से ताल्लुक रखने वाले ऋषि कपूर ने 22 जनवरी 1980 में अभिनेत्री नीतू कपूर के साथ शादी रचाई थी। शादी के समय तक ऋषि कपूर भी बड़े सितारे बन गए थे। इसके बाद भी ऋषि कपूर भीड़ में सहज महसूस नहीं करते थे।
शादी में बिना बुलाए मेहमानों की भीड़ देखकर ऋषि कपूर की हालत बिगड़ गई थी और वे बेहोश हो गए थे। इसका खुलासा ऋषि कपूर की पत्नी नीतू कपूर ने किया है। नीतू कपूर ने स्विगी यूट्यूब चेनल को दिए इंटरव्यू में बताया, हमारी शादी साल 1980 में मुंबई के चेंबूर में बने आरके हाउस में हो रही थी। चूंकी कपूर खानदान में शादी थी तो धूमधाम के साथ हो रही थी। शादी की जानकारी मिलने के बाद यहां करीब 5 हजार से ज्यादा लोग पहुंच गए। इतनी भीड़ देखकर ऋषि कपूर हैरान हो गए और घोड़ी पर चढ़ने से पहले ही बेहोश हो गए। शादी में पहुंचे इतने लोगों को बुलाया नहीं गया था।
नीतू कपूर ने शादी को लेकर एक और खुलासा करते हुए बताया कि शादी में तोहफे भी अनोखे आए थे। तोहफे के नाम पर कई लोगों ने चप्पलें दी थीं। कई लोग तो पत्थर तक देकर गए थे। शादी में जेबकतरों से लेकर कई तरह के लोग शामिल हो गए थे। मैं भी इस भीड़ को देखकर परेशान हो गई थी।
हम दोनों ही इतने मेहमानों को देखकर बेहोश हो गए थे। इसके बाद हमने ब्रांडी पीना शुरू किया। ऋषि कपूर और मैंने मिलकर ब्रांडी पी और इसी हालत में सात फेरे लिए। इसी इंटरव्यू में नीतू कपूर के साथ अनिल कपूर भी मौजूद थे। अनिल कपूर ने बताया कि उन्होंने भी देखा कि करीब 5 हजार से ज्यादा लोग शादी में शामिल हो गए थे। सभी ने अच्छे कपड़े पहने हुए थे तो हमें भी लगा कि मेहमान हैं। लेकिन बाद में पता चला कि ये सब बिन बुलाए मेहमान थे। ऋषि कपूर का 3 साल पहले कैंसर की बीमारी के कारण निधन हो गया था।
