19 साल की फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड-2023 नंदिनी गुप्ता ताज पहनने के बाद पहली बार जयपुर पहुंची। एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वहां जयपुरवासियों के अलावा कोटा से उनके परिजन भी मौजूद रहे।
नंदिनी कोटा की रहने वाली हैं। उन्होंने स्कूली पढाई वहां सेंटपॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से की। फिर लाला साजपत राय कॉलेज से बिजनेस मेनेजमेंट की पढाई की। जयपुर में उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, उनकी मां ने ये ख्वाब देखा था, जो आज पूरा हो गया है और अब नजर मिस वर्ल्ड पर है। मणिपुर में ताज जीतने पर कहा, राजस्थान मेरी जन्म भूमि है तो महाराष्ट्र कर्म भूमि है, वहीं मणिपुर में यह ताज पाया है। ऐसे में ये तीनों राज्य मेरे लिए मंदिर जैसे हैं। मणिपुर ने मेरी दुनिया ही बदल दी है। कुछ ही दिनों में क्या से क्या हो गई।
मिस इंडिया का ताज किस सवाल के जवाब से मिला, पूछे जाने पर नंदिनी ने बताया, मुझसे पूछा गया कि आपको स्वयं या दुनिया बदलने में से किसी एक को चुनना हो तो किसको चुनेंगी? मैंने कहा, मैं खुदको बदलना चाहूंगी। क्योंकि चैरेटी और अप्रिशिएशन खुद से आते हैं। वैसे ही चेंज भी खुद से आना चाहिए। यदि आपमें चेंज को फोलो व स्वीकार करने की पावर है तो आप दुनिया में अच्छा प्रभाव छोड़ सकते हो।
उन्होंने कहा, मैं किसान की बेटी हूं और यदि किसी मोड़ पर उनके साथ न्याय होगा तो इस प्लेटफॉर्म के साथ मैं उनके लिए आवाज बनूंगी। वर्किंग औरतों के बारे में कहा, पुरानी कला की जानकार औरतों का काफी शोषण होता है। जैसे बात की जाए कोटा डोरिया की तो वह एक सुंदर कला है, लेकिन पीछे मुड़कर देखा जाए तो कोटा डोरिया की जानकार महिलाओं को अच्छा प्लेटफॉर्म नहीं मिला। अब मैं चाहूंगी, कि उनको नेशनल प्लेटफॉर्म मिले।
घर पहुंचने को बेताब नंदिनी ने कहा, 7 महीने हो गए कोटा गए। कल सबसे पहले वहां जाते ही कोटा कचौड़ी खाउंगी। स्कूल जाऊंगी, क्योंकि हमेशा से स्कूल जाना चाहती थी, लेकिन टाइम नहीं मिला। ताज के साथ स्कूल जाना चाहती हूं उसके बाद घर जाउंगी।
