निर्देशक राजकुमार संतोषी अपनी फिल्म ‘गांधी वर्सेज गोडसे’ के फ्लॉप हो जाने से बहुत निराश हैं। इस फिल्म की रिलीज के पहले संतोषी कई बार इसकी तुलना ‘द कश्मीर फाइल्स’ को मिले रिस्पॉन्स से कर रहे थे। उन्हें पूरा भरोसा था कि उनकी फिल्म भी कमाल करेगी।
संतोषी के भरोसे के विपरीत फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पहले हफ्ते ही फ्लॉप साबित हो गई। संतोषी से जब इसका कारण जानना चाहा तो उन्होंने इसकी सबसे बड़ी वजह फिल्म ‘पठान’ को बताया। उन्हॆने कहा, फिल्म की रिलीज टाइमिंग भी सही नहीं थी। गांधी वर्सेज गोडसे से मुझे बहुत उम्मीदें थी। लगा था कि फिल्म कोई बदलाव तो जरूर लाएगी। मगर फिल्म की रिलीज टाइमिंग गलत हो गई। मुझे फिल्म के प्रचार पर भी थोड़ा ज्यादा फोकस करना चाहिए था, जिसका मलाल रहेगा।
संतोषी बताते हैं, शाहरुख खान की फिल्म पठान भी रिलीज को तैयार थी। उस फिल्म की इतनी हवा चली कि हमारी फिल्म उसमें कहीं गुम हो गई। शाहरुख ने फिल्म के प्रमोशन, पब्लिसिटी पर बड़े पैमाने पर काम किया था। उस वक्त हर जगह केवल पठान पर ही बहस होती रही। लोग केवल उसके कलेक्शन, गानों में इतने बिजी हो गए कि मेरी फिल्म देख ही नहीं पाए। एक सुपरस्टार के फिल्म लाने के बाद मामला बहुत बड़ा हो गया था। हालांकि शाहरुख की इससे पहले की दो-तीन फिल्में इतनी अच्छी नहीं चली थीं। उन्होंने इसकी पब्लिसिटी पर काफी जोर लगा दिया था।
सिनेमाघरों में गांधी वर्सेज गोडसे और पठान एक साथ 25 जनवरी को रिलीज की गई थी। पठान ने जहां पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की शुरुआत कर दी थी, वहीं गांधी वर्सेज गोडसे का रिस्पॉन्स बहुत ही ठंडा रहा। रिलीज के बाद फिल्म का माहौल नहीं बन पाया। ऐसे में फिल्म कब थिएटर से उतर गई, किसी को अंदाजा भी नहीं लगा। वहीं पठान ने कई हफ्तों तक सिनेमाघरों पर राज किया।
