कोटा में भाजपा विधायक मदन दिलावर के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मेंटल कहने से नाराज कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने आज उनके आवास के पास जमकर प्रदर्शन किया। विधायक की सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को गिराकर कार्यकर्ता उनके घर में घुसने की कोशिश करने लगे।
विधायक दिलावर का विरोध करने बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे।, जिसे देखते हुए पुलिस ने सुबह से ही दिलावर के घर की सुरक्षा बढ़ा दी थी। घर को चारों तरफ से बैरिकेडिंग से सील कर दिया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिलावर के घर की ओर कूच किया तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इससे कार्यकर्ता और पुलिस में झड़प हो गई।
बाद में पुलिस की समझाइश पर कार्यकर्ता वापस लौट गए। कांग्रेस के कोटा जिला अध्यक्ष रविंद्र त्यागी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विधायक दिलावर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के खिलाफ ऐसे कैसे बोल सकते हैं। इसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग प्रधानमंत्री से की है। त्यागी ने कहा कि लगता है वे मानसिक रूप से पूरी तरह डिस्टर्ब हो गए हैं। कभी वे कलेक्टर के चेंबर में जाकर प्रदर्शन करते हैं तो कभी महंगाई राहत कैंप में आ जाते हैं। अगर इनका इलाज डॉक्टर नहीं कर पा रहे हैं तो फिर हम इलाज कर देंगे। विधायक मदन दिलावर ने कुछ दिन पहले उदयपुर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह पूरी तरह मेंटल हो चुके हैं।
