कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मतदान खत्म होते ही कई मीडिया हाउसों के अब तक सात में से पांच एग्ज़िट पोल्स में कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी होने का अनुमान जताया गया है। जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) को भी अच्छी सीटें मिल जाने का अनुमान है, जिनकी बदौलत वह किंगमेकर हो सकती है।
हालांकि आजतक के एग्जिट पोल में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत की संभावना जताई गई है। 224 सीटों वाली कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस को 122 से 140, भाजपा को 62 से 80 और जेडीएस को 20 से 25 सीटें मिलती दिख रही हैं। 3 सीटें अन्य के खाते में जा सकती हैं। कर्नाटक चुनाव के नतीजे 13 मई को आएंगे।
एग्जिट पोल के मुताबिक राज्य के तटीय इलाके में भाजपा को 19 में से 16 सीट मिलने की उम्मीद है। 3 सीटें कांग्रेस के खाते में जा सकती हैं। मध्य कर्नाटक में कांग्रेस को 23 में से 12 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा के खाते में 10 सीटें आ सकती हैं। जेडीएस के खाते में यहां एक सीट जा सकती है।
इसके अलावा अगर बेंगलुरु शहरी रीजन की 28 में से 17 सीटें कांग्रेस की झोली में जा सकती हैं। भाजपा को यहां से 10 सीटें मिलने की संभावना है। जेडीएस के खाते में यहां भी 1 ही सीट जाती दिख रही है। हैदराबाद-कर्नाटक रीजन में कांग्रेस को 40 में से 32 सीटें मिल सकती है। भाजपा के खाते में 7 सीटें जाने का अनुमान है। जेडीएस को यहां भी 1 सीट मिल सकती है।
महाराष्ट्र-कर्नाटक रीजन की 50 सीटों में से कांग्रेस को 28, भाजपा को 21 और जेडीएस को एक सीट मिलती दिख रही है। ओल्ड मैसूर रीजन की 64 सीटों में से 36 कांग्रेस को, भाजपा को 6 और जेडीएस को 18 सीटें मिल सकती हैं। 4 सीटें अन्य के खाते में जाती दिख रही हैं।
