राजस्थान के धौलपुर जिले के बसेड़ी थाना इलाके में एक जहरीले सांप ने रात को दो महिलाओं को काट लिया। सर्पदंश का शिकार हुई दोनों महिलाएं रिश्ते में देवरानी-जेठानी हैं। वे दोनों पास-पास सो रही थी। सांप के काटने से बेहोश हुई दोनों महिलाओं को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण दोनों को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा। डॉक्टर्स उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार जेठानी केसन देई (26) पत्नी गोरेलाल और उसकी देवरानी रामा (25) पत्नी बाबू सिंह कुशवाहा शुक्रवार को रात को चारपाई पर अपने घर सो रही थी। उसी दौरान दोनों को एक जहरीले सांप ने काट लिया। सांप के काटते ही दोनों महिलाएं चीखने चिल्लाने लगी.
महिलाओं के चीखने चिल्लाने पर घर वाले जागकर वहां पहुंचे। सांप काटने की बात पता चलने पर वे उनको लेकर तुरंत बसेड़ी अस्पताल पहुंचे, वहां रात भर दोनों महिलाओं का उपचार किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि महिलाओं की हालत में सुधार ना होने पर उन्हें शनिवार को सुबह जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहां डॉक्टरों की देखरेख में दोनों महिलाओं का उपचार किया जा रहा है।
