
यूपी के लखीमपुर खीरी कांड के मुख्य आरोपी के पिता और केंद्र गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा शुक्रवार को राजस्थान के देवली दौरे पर आए। यहां उनका कहीं भी विरोध नहीं हुआ, बल्कि बीसलपुर कॉलोनी स्थित सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से चर्चा भी की।
गृहमंत्री अजय मिश्रा ने अपने सम्बोधन में भाजपा कार्यकर्ताओं सेराष्ट्र के प्रति निष्ठा बनाए रखने औऱ देशसेवा प्रमुख उद्देश्य होना की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी।
इस मौके पर सांसद सुखबीरसिंह जौनपुरिया ने मंचासीन पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का गृह राज्यमंत्री से परिचय कराया। एएसपी सुभाष चंद मिश्रा, देवली डीएसपी दीपक मीणा की अगुवाई में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।इसके बाद मंत्री अपने निर्धारित दौरे के तहत देवली स्थित सीआरपीएफ के कैंपस में चले गए। उल्लेखनीय है कि खीरी सांसद मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा पर पिता के निर्वाचन क्षेत्र में अपनी गाड़ी से किसानों को कुचलने का आरोप है। आशीष अभी जेल में हैं। इस कांड के बाद से केन्द्रीय मंत्री अजय मिश्रा पर इस्तीफे का दबाव बनाया जा रहा है। किसान जगह-जगह उनका विरोध कर रहे हैं। मगर आज राजस्थान पहुंचने पर मंत्री मिश्रा का भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।