भारतीय प्रशासनिक सेवा की 1985 बैच की अधिकारी ऊषा शर्मा का राजस्थान की अगली मुख्य सचिव होना तय माना जा रहा है। उनके डीओपीटी, दिल्ली से राजस्थान रिलीफ होने के आदेश जारी हो चुके हैं। अब राज्य सरकार मुख्य सचिव नियुक्ति के आदेश जारी कर देती है तो वह कल नया पदभार ग्रहण सकती हैं।
शर्मा दूसरी महिला होंगी, जिन्हें राज्य की मुख्य सचिव बनने का अवसर मिलेगा। कुशल सिंह पहली महिला मुख्य सचिव रह चुकी है। ऊषा शर्मा वर्तमान में दिल्ली में खेल एवं युवा मंत्रालय में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थापित थीं। राजस्थान कैडर की आईएएस ऊषा शर्मा के पति बीएन शर्मा भी भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत हो वर्तमान में विद्युत नियामक आयोग में पदस्थापित है। ऊषा शर्मा राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष सीपी जोशी की निकट रिश्तेदार है। उनका सेवा कार्यकाल जून 2023 तक है।
वर्तमान मुख्य सचिव निरंजन आर्य का कार्यकाल कल समाप्त हो रहा है। उन्हें राजस्थान लोकसेवा आयोग (आरपीएससी) का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। उषा शर्मा कल ही दोपहर बाद आर्य से कार्य ग्रहण कर सकती हैं। क़रीब तेरह साल बाद फिर से कोई महिला मुख्य सचिव बनगी। इससे पूर्व 2009 में अशोक गहलोत के कार्यकाल में ही श्रीमती कुशल सिंह को मुख्य सचिव बनाया गया था।
उधर, आरपीएससी चेयरमैन को लेकर नए नामों पर चर्चा शुरू हो गई है। मुख्य सचिव निरंजन आर्य का नाम सबसे आगे चल रहा है। उनके अलावा डीजीपी एमएल लाठर, बीएल सोनी, रिटायर्ड आईएएस पूर्व सीएस राजीव स्वरूप सहित कई नामों को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।

