रिलायंस जियो की सेवा आज मुंबई सर्कल में डाउन हो गई है। इसके चलते मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में जियो की मोबाइल और इंटरनेट सर्विस पूरी तरह से ठप हो गई। जियो यूजर्स से कॉन्टैक्ट भी नहीं हो पा रहा है। कई यूजर्स ने जियो के नेटवर्क डाउन की जानकारी सोशल प्लेटफॉर्म पर शेयर की है। देशभर से जियोफाइबर सर्विस में समस्या की शिकायत मिल रही है।
नॉन जियो नंबर वाले यूजर्स को कॉल कनेक्ट करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खबरों के अनुसार, जियो ने कथित तौर पर मुंबई में नेटवर्क को बंद कर दिया है। अभी इस बात का पता नहीं चला है कि यह ब्रेकडाउन किस वजह से हुआ है। देशभर में रिलायंस जियो के 44 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं। इसमें महाराष्ट्र में 3.5 करोड़ से ज्यादा और मुंबई में 1.5 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं। एक तरफ जहां मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में जियो का नेटवर्क डाउन हुआ, तो दूसरी तरफ देशभर के जियोफाइबर पर भी इसका असर हुआ है। मध्यप्रदेश के जियोफाइबर ग्राहकों के पास कंपनी की तरफ से सर्विस के आउटेज बंद होने का मैसेज आ रहा है। कंपनी के मैसेज में शाम 7 बजे तक गड़बड़ी ठीक कर लेने का जानकारी दी गई थी।
मुंबई में रिलायंस जियो के कई यूजर्स ने कॉल रिसीव न होने की जानकारी ट्विटर पर दी है। उन्होंने बताया कि वे इंटरनेट सर्विस भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि पिछले तीन दिनों से नेटवर्क को लेकर उन्हें दिक्कत हो रही है।
इससे पहले अक्टूबर में रिलायंस जियो के नेटवर्क को लेकर भी ग्राहक परेशान हुए थे। नेटवर्क डाउन के दौरान जियो के ग्राहक 8 घंटे तक परेशान हुए थे। ग्राहक न तो कॉल कर पा रहे थे और न ही इंटरनेट एक्सेस कर पा रहे थे। तब कंपनी से जुड़े सूत्रों ने बताया था कि जियो की सर्विस पूरे देश में बाधित नहीं हुई थी। केवल कुछ राज्यों में सर्विस डाउन हुई थी। तब मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक जैसे राज्यों के लोग ज्यादा परेशान हुए थे। जियो के नेटवर्क में आई इन दिक्कतों के बाद ट्विटर पर कुछ ही मिनटों में #jiodown ट्रेंड करने लगा था।
