भारत सरकार ने एक बार फिर चीन पर डिजिटल स्ट्राइक की है। सरकार ने 54 स्मार्टफोन ऐप्स को देश में बैन कर दिया है। इन सभी ऐप्स से भारत की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा हो रहा था। बैन किए गए ऐप्स में पॉपुलर गेम गरेना फ्री फायर और ऐपलॉक ऐप भी शामिल हैं। इससे पहले जून 2020 में भारत ने देश की सुरक्षा का हवाला देते हुए टिकटॉक, वीचैट और हैलो सहित 59 चीनी मोबाइल ऐप्स को बैन किया था।
सरकार ने जो नए 54 ऐप्स बैन किए हैं उनकी पूरी लिस्ट सामने नहीं है। केवल 11 ऐप्स के नामों को खुलासा हुआ। ये हैं– स्वीट सेल्फी एचडी, ब्यूटी कैमरा- सेल्फी कैमरा, इक्वलाइजर व बास बूस्टर, सेल्सफोर्स एंट के लिए कैमकार्ड, आइसोलैंड 2: एशेज ऑफ टाइम लाइट, वीवा वीडियो एडिटर, टेनसेंट एक्सरिवर, ओनमोजी चेस, ओनमोजी एरिना, ऐपलॉक और डुअल स्पेस लाइट। पिछले दो दिनों से फ्री फायर गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से गायब है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसे भी बैन किए गए ऐप्स की सूची में होने के कारण हटा दिया गया है।
हालांकि इस मामले में अब तक गेम के वितरक गरेना इंटरनेशनल ने कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई है। इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने इन ऐप्स पर बैन लगाया है। ये सभी ऐप्स चीन और अन्य देशों में भारतीय यूजर्स का डेटा भेज रहे थे। कहा जा रहा है कि ये ऐप्स विदेशी सर्वर पर भारतीय यूजर्स का डेटा लीक कर रहे थे। ऐप्स पर बैन के लिए गूगल के प्ले-स्टोर को आदेश दिया गया है।
भारत सरकार ने इसके पहले 29 जून 2020 को चाइनीज ऐप्स बैन किए थे। उस दिन 59 ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था। जिसके बाद 27 जुलाई 2020 को 47, 2 दिसंबर 2020 को 118 और नवंबर 2020 को 43 ऐप्स पर बैन लगाया गया। अब आज 54 ऐप्स पर बैन लगाया गया है। प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69 ए के तहत सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इन सभी ऐप्स पर बैन लगाया है।
