दुनिया में कोरोना वायरस की एक और लहर शुरू होने के संकेत मिले हैं। चीन और यूरोप से ऐसी खबरें आ रही हैं। चीन में दो साल बाद कोरोना के रिकॉर्ड केस सामने आए हैं। वहां के दो बड़े शहरों में लॉकडाउन लगाना पड़ा है। वहीं, यूरोपीय देशों से खबर है कि एक बार फिर कोरोना जैसे लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
पिछले सप्ताह ब्रिटेन, आयरलैंड, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड और इटली जैसे देशों में रिपोर्ट किए गए कोविड -19 मामलों और अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजो में एक और उछाल देखा गया है। स्क्रिप्स रिसर्च ट्रांसलेशनल इंस्टीट्यूट के संस्थापक ने ट्वीट किया, यूरोप में अगली लहर शुरू हो गई है। नए मरीजों का डेटा इसी तरफ इशारा कर रहा है। यूरोप में विभिन्न देशों ने करीब एक माह बाद नियमों में छूट दी थी और अब केस फिर बढ़ने लगे हैं। अमेरिका में भी ऐसा ही हुआ है।
वैसे देश दुनिया में कोरोना वायरस संक्रमण की तीसरी लहर का असर अब कम हो गया है, लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन के एक नए अध्ययन में यह बात सामने आई है कि ओमिक्रोन के बाद अब एक नया वेरिएंट उभर रहा है। संगठन का दावा है कि यह डेल्टा और ओमिक्रोन वेरिएंट का मिलाजुला रूप है। संगठन ने इस स्टडी के बारे में कहा कि इस नए काम्बिनेशन वाले वायरस को लेकर आशंका पहले से थी, क्योंकि ये दोनों काफी तेजी से फैल रहे थे।
संगठन का कहना है कि ओमिक्रॉन और डेल्टा का रिकाम्बिनेंट वायरस फैल रहा है। संगठन की साइंटिस्ट मारिया वान करखोव ने ट्वीट किया है कि सार्सकोव2 के ओमिक्रोन और डेल्टा वेरिएंट के मिलकर फैलने की आशंका है। इनका प्रसार तेजी से हो सकता है।
इधऱ, भारत में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2,503 नए मामले दर्ज हुए हैं। इस दौरान 27 मौतें हुईं। इस तरह देश में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 5,15,877 हो गया है। एक्टिव केस की संख्या 36,168 हैं।
