दो साल बाद इस बार शुक्रवार को भरपूर उत्साह के साथ होली का त्यौहार मनाया गया। विभिन्न राज्यों में लोगों ने घरों से निकलकर एक दूसरे को रंग और अबीर लगाया और ढोल नगाड़ों की थाप पर खूब झूमे। तटीय कोंकण क्षेत्र में भी परंपरागत रूप से होली मनाई गई।
राजस्थान में रंगों का पर्व धुलंडी पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगों की टोलियां गली मोहल्लों में रंग गुलाल उड़ाते नजर आईं। इस बार सरकार की तरफ से किसी प्रकार की पाबंदी नहीं होने से प्रदेशभर में जमकर होली खेली गई। जयपुर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में हजारों की संख्या में भक्त भगवान के साथ होली खेलने पहुंचे। झूमते भक्तों ने खूब रंग-गुलाल उड़ाए। जयपुर की गलियों में–होली है भाई होली है…का शोर गूंजता रहा।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से प्यार और सौहार्द के साथ त्यौहार मनाने की अपील की। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी और अपने निवास पर लोगों के साथ मिलकर होली खेली। मध्य प्रदेश में पारंपरिक उत्साह के साथ होली मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकले। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी होली खेली। उन्होंने प्रदेशवासियों से धूमधाम और उल्लास के साथ होली मनाने के लिए कहा था।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति में सुधार होने के साथ ही मुंबई, पुणे और जलगांव में लोग अपने घरों से निकलकर एक दूसरे को रंग और अबीर लगाया औऱ ढोल नगाड़ों की आवाज पर झूमते नजर आए। पंजाब, हरियाणा, गुजरात और गोवा में भी पूरे उमंग के साथ होली का त्योहार मनाया पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लोगों को होली शुभकामनाएं दी। इन दोनों राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ की पुलिस ने सुरक्षित तरीके से रंगों का यह त्योहार मनाना सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त प्रबंध किये गए। गोवा में पूरे दिन चलने वाले कार्यक्रम आयोजित किये गये और पारंपरिक श्रद्धा एवं उल्लास के साथ होली मनाई गई। स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी रंगों के इस त्योहार का आनंद उठाते दिखे।





One thought on “दो साल बाद दिखा होली का उत्साह”