यूपी और एमपी के बाद अब गुजरात में सरकार का बुलडोजर दौड़ा है। राज्य के खंबात इलाके में पिछले दिनों हिंसा भड़की थी और आज वहां बुलडोजर चल गया। वहां दरगाह के पीछे की दुकानें बुलडोजर के चट्टानी वार से मलबे में तब्दील हो गईं। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि इसी जगह से हिंसा की आग फैली थी। प्रशासन का दावा है कि हिंसा के पीछे बाहरी लोगों का हाथ है। इससे पहले उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी बुलडोजर एक्शन में आया, जब अवैध निर्माणों के खिलाफ सरकार ने मुहिम चलाई थी।
खंभात में रामनवमी के जुलूस पर पथराव के बाद हिंसा फैली थी। हिंसा में एक शख्स की मौत हो गई। रामनवमी के मौके पर गुजरात के खंभात में बवाल हो गया था। वहां रामनवमी के दौरान निकाली जा रही शोभायात्रा पर दूसरे पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया था। बवाल के दौरान उपद्रवियों ने गाड़ियों और कुछ दुकानों को आग के हवाले कर दिया था।
पुलिस का कहना है कि गुजरात में हिंसा की साजिश पहले ही रची गई थी। साजिश रचने के आरोप में 11 लोगों की गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया था कि खंभात में 1 मौलवी और उसके दो सहायक मौलवियों ने पहले से हिंसा भड़काने की साजिश रची थी।
